
कोरबा। जिला अधिवक्ता संघ के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में एक बार फिर अध्यक्ष का ताज गणेश कुलदीप के सिर सजा है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 20 मतों से शिकस्त दी, जबकि सचिव के पद पर सुनील यादव ने बाजी मारी। देर रात तक चली मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों के नामों की विधिवत घोषणा की गई। इसके साथ ही बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया।

जिला अधिवक्ता संघ के द्विवर्षीय कार्यकाल के लिए 12 अप्रैल को चुनाव की तिथि निर्धारित की गई थी। निर्धारित तिथि में सुबह 8.30 बजे से ही अध्यक्ष सहित पांच पदों पर मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई, जो शाम चार बजे तक चलती रही। इस बार 813 मतदाताओं में 757 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटी को बार रूम में ही सुरक्षित रखा गया था। अधिवक्ता चुनाव परिणाम जानने उत्सुक थे। सोमवार की सुबह से ही जिला न्यायालय स्थित मतदान केन्द्र के बाहर अधिवक्ताओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। चुनाव अधिकारी ने अपने सहयोगियों के साथ सुबह करीब 9 बजे से मतों की गिनती प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही दोपहर उपरांत परिणाम आने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले चरण में कार्यकारिणी सदस्य के लिए जीत हासिल करने वाले अधिवक्ताओं के नामों की घोषणा की। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में करमचंद्र प्रजापति ने 556, शिवकुमार साहू 563, श्रवण कुमार 548, अरूण कुमार 512 व स्वप्निल शर्मा 459 मत हासिल कर जीत दर्ज कराई। इसी तरह 313 मतों के साथ क्रान्ति श्रीवास ग्रंथालय सचिव चुने गए। वहीं अमरनाथ कौशिक ने कोषाध्यक्ष पद पर 412 मतों के साथ कब्जा जमाया, जबकि सह सचिव महिला के पद पर माधुरी बोराई चुनी गई। उन्हें कुल 513 मत प्राप्त हुए। सह सचिव पुरूष के पद पर 457 मत हासिल करने वाले रवि भगत के नाम की घोषणा की गई। देर शाम तक महिला उपाध्यक्ष व सचिव के पद पर चुनाव लड़ रहे अधिवक्ताओं का परिणाम भी सामने आ गया। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव पद पर सुनील यादव ने 342 मत हासिल कर जीत दर्ज की है। वहीं महिला उपाध्यक्ष के पद पर 276 मत हासिल करते हुए उर्मिला भगत चुनी गई है। देर रात तक चली गिनती के बाद उपाध्यक्ष पुरूष के नाम की घोषणा की गई। जिसमें रविकुमार शर्मा को विजयी घोषित किया गया है, जबकि अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों को प्राप्त मतों की गिनती देर रात समाप्त हुई। इसके साथ ही अध्यक्ष पद पर विजयी प्रत्याशी के नाम की भी घोषणा कर दी गई। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में एक बार फिर गणेश कुलदीप पर अधिवक्ताओं ने विश्वास जताया। उन्हें 293 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को 20 मतों से शिकस्त दी। खास बात तो यह है कि इस बार चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह था। चुनाव अधिकारी द्वारा विजयी प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाने के साथ ही बधाई देने का सिलसिला शुरू हुई, जो देर रात तक चलता रहा।

ये हैं निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारी
जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव जिन्हें पहले ही निर्विरोध चुन लिया गया था। इनमें क्रीड़ा सचिव के पद पर हरिशंकर श्रीवास, महिला क्रीड़ा सचिव सावित्री धांधी, महिला कार्यकारिणी सदस्य यमुना मानिकपुरी व सुनीता पिल्ले शामिल हैं।
—————–
